अर्जुन कपूर के बाद अब मलाइका अरोड़ा भी कोरोना पॉजिटिव

अर्जुन कपूर के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद अब अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा भी कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। मलाइका ने इस खबर की पुष्टि की है। मलाइका ने कहा कि, ‘हां मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैंने घर में खुद को क्वारंटाइन कर लिया है। मैं स्वस्थ और मजबूत होकर लौटूंगी।’
मलाइका अरोड़ा इनदिनों डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ की शूटिंग कर रही थीं। इस शो में मलाइका के साथ गीता कपूर और टेरेंस लुइस बतौर जज काम कर रहे थे। हाल ही में खबरें आई थीं, ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ के भी 8 मेंबर्स कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। बताया जा रहा है कि क्रू मेंबर्स के साथ साथ कुछ कोरियोग्रॉफर्स भी कोरोना की चपेट में आये हैं। फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है।
इससे पहले मलाइका अरोड़ा ने एक वीडियो पोस्ट किया था। उन्होंने घर से लेकर इंडियाज बेस्ट डांसर के सेट तक पहुंचने का सफर इस वीडियो में दिखाया था। मलाइका अरोड़ा ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शोन में लिखा था, ‘लगभग 4 महीनों के बाद काम फिर से शुरू करने के लिए घर से बाहर जाना, भावनाओं का मिश्रण, उत्साह, घबराहट, खुशी, भय। चीजें निश्चित रूप से समान नहीं हैं लेकिन इस शो को चलना चाहिए!
इससे पहले अर्जुन कपूर ने इंस्टाग्राम पर अपने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा,’ ये मेरी जिम्मेदारी है कि मैं आप सभी को सूचित करूं कि मेरा कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। मैं अभी ठीक महसूस कर रहा हूं और मेरे शरीर में करोना के लक्षण नहीं दिख रहे हैं। मैंने डॉक्टरों और प्रशासन की सलाह पर खुद को आइसोलेट कर लिया है और मैं होम क्वारंटाइन में रहूंगा।’
उन्होंने आगे लिखा था,’ मैं आप सभी का आपके सपोर्ट के लिए पहले ही शुक्रिया अदा करता हूं। मैं आप सभी को अपने सेहत की जानकारी देता रहूंगा। ऐसा वक्त पहले कभी नहीं आया था, असामान्य समय है। मुझे विश्वास है कि पूरी मानवता इस वायरस से लड़कर जंग जीतेगी।’
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही अर्जुन ने अपनी अपकमिंग फिल्म की शूटिंग शुरू की थी। इस फिल्म में उनके साथ जॉन अब्राहम, अदिति राव हैदरी और रकुल प्रीत सिंह लीड रोल में हैं। वहीं, अब फिल्म की शूटिंग रोक दी गई है।
मनोरंजन की ताज़ातरीन खबरों के लिए Gossipganj के साथ जुड़ें रहें और इस खबर को अपने दोस्तों के साथ शेयर करें और हमें twitter पर लेटेस्ट अपडेट के लिए फॉलो करें।